चाईबासा : चाईबासा, पश्चिमी सिंहभूम से एक बार फिर नक्सली हिंसा की खबर सामने आई है। सारंडा वन क्षेत्र में नक्सलियों ने मनोहरपुर से कोलबोंगा जानेवाली मुख्य सड़क पर दो बड़े पेड़ों को काटकर गिरा दिया, जिससे सड़क पूरी तरह जाम हो गई है। पेड़ों पर नक्सलियों द्वारा लगाए गए बैनरों से स्पष्ट होता है कि यह कार्रवाई *ऑपरेशन कगार* के खिलाफ उनके प्रतिशोध पखवाड़े का हिस्सा है।

इससे पहले बुधवार को नक्सलियों ने छोटानागरा थाना क्षेत्र के कुदलीबाद गांव में स्थित बीएसएनएल टॉवर को आग के हवाले कर दिया था। इसके साथ ही कुदलीबाद से करिया को जोड़ने वाली सड़क को भी विस्फोट से उड़ा दिया गया। इन लगातार हो रही घटनाओं से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है।नक्सलियों की इस श्रृंखलाबद्ध हिंसा से आमजन की सुरक्षा और आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। फिलहाल सुरक्षाबल इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। इस घटना से नक्सली गतिविधियों की गंभीरता और उनके दुस्साहस का अंदाज़ा लगाया जा सकता है।






