Saraikela (संजीव मेहता) : उषा कॉलेज ऑफ नर्सिंग में GNM तृतीय वर्ष एवं ANM द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए बुधवार को विदाई समारोह का आयोजन किया गया. यह दिन सभी के लिए भावनाओं से भरा और यादगार रहा. सीनियर छात्रों के सम्मान में जूनियर छात्रों ने सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें नृत्य, गीत और विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियां शामिल थीं.
पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा. इस अवसर पर कॉलेज के निदेशक ऋतुराज सिंह, वाइस प्रिंसिपल नीतू उपाध्याय और मीरा मैडम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं. उन्होंने सभी पासआउट छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और नर्सिंग सेवा के प्रति समर्पण और ईमानदारी से कार्य करने की प्रेरणा दी. उन्होंने कहा कि नर्सिंग एक ऐसा पेशा है जिसमें सेवा और करुणा सबसे बड़ी शक्ति होती है.

कार्यक्रम के दौरान मिस्टर फेयरवेल का खिताब चंद्रांशु कुमार को और मिस फेयरवेल का खिताब अंजली लोहार को प्रदान किया गया. यह क्षण सभी छात्रों के लिए गर्व और खुशी से भरा हुआ था. सीनियर्स की आंखों में अपने कॉलेज के सुनहरे पलों की यादें झलक रही थीं. सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और आगे के जीवन में सफलता पाने का संकल्प लिया. अंत में कॉलेज की ओर से सभी पासआउट छात्रों को शुभकामना संदेश और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए. इस विदाई समारोह ने सभी के दिलों में एक विशेष स्थान बना लिया और यह दिन कॉलेज के इतिहास में एक सुंदर याद के रूप में दर्ज हो गया.






