Saraikela (संजीव मेहता) : दुर्गा पूजा और दशहरा शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. शनिवार को जिले के पदाधिकारियों संग ऑटो क्लस्टर सभागार में डीसी और एसपी ने अंतिम बैठक की और आवश्यक निर्देश जारी किए हैं. बैठक में निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण डॉ. अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त, आदित्यपुर नगर निगम रवि प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला निवेदिता नियति, प्रभारी पदाधिकारी, सामान्य शाखा अविनाश कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी समेत अन्य प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.
इस अवसर पर डीसी नितिश कुमार सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व के दौरान प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अपने–अपने स्थल पर पूर्ण संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ तैनात रहें. सोशल मीडिया पर पैनी निगरानी रखते हुए अफवाह अथवा भ्रामक समाचार के प्रसार को रोकना सुनिश्चित करें. श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन हेतु यातायात व्यवस्था एवं वाहन पार्किंग की सुव्यवस्थित व्यवस्था की जाए. सभी पूजा पंडाल समितियाँ पंडाल परिसर में साफ–सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, अग्निशमन यंत्र एवं प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराएँ. प्रत्येक पंडाल में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए पृथक प्रवेश एवं निकास द्वार हों तथा आपात स्थिति हेतु वैकल्पिक निकास अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए. रावण दहन एवं विसर्जन केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित समय, मार्ग एवं चिन्हित स्थलों पर ही संपन्न किया जाए. 2 अक्टूबर को ड्राई_डे घोषित रहेगा तथा जिले की सभी मद्यपान दुकानें बंद रहेंगी. सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि सभी एम्बुलेंस चिन्हित स्थलों पर तैनात रहें और चिकित्सा दल सक्रिय मोड में उपलब्ध हों.

डीसी ने यह भी कहा कि माननीय उच्च न्यायालय, झारखंड, रांची द्वारा निर्गत दिशा–निर्देशों का प्रत्येक समिति एवं संबंधित पदाधिकारी द्वारा अक्षरशः पालन किया जाना अनिवार्य है. उल्लंघन की स्थिति में संबंधित समिति अथवा पदाधिकारी विधि–सम्मत कठोर कार्रवाई हेतु उत्तरदायी होंगे. साथ ही उन्होंने सभी जिलेवासियों को आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा की शुभकामनाएँ दीं और अपील की कि यह पर्व सौहार्द, भाईचारे एवं शांति–व्यवस्था के साथ मनाएँ तथा प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करें. एसपी मुकेश लूणायत ने अपने संबोधन में कहा कि दुर्गा पूजा एवं दशहरा के दौरान पुलिस बल की सर्वोच्च प्राथमिकता शांति–व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा होगी. उन्होंने कहा कि 28 सितम्बर से 3 अक्टूबर तक विभिन्न क्षेत्रों मे नो_एंट्री ज़ोन प्रभावी रहेगा. आवश्यक सेवाओं को छोड़कर वाणिज्यिक वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा. अनावश्यक स्थानों पर वाहन पार्किंग नहीं हो तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर कतारबद्ध पार्किंग सुनिश्चित की जाए सर्विस रोड पर अनधिकृत दुकानों एवं ठेले लगाने की अनुमति नहीं होगी. नो_एंट्री नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए.



