सरायकेला(संजीव मेहता) : सरायकेला जिले की नीमडीह पुलिस ने अपने थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की बढ़ती घटनाओं पर बड़ी कामयाबी हासिल की है. नीमडीह पुलिस ने एक विशेष टीम बनाकर कार्रवाई करते हुए चोरी के कुल छह मोटरसाइकिल बरामद किए हैं. इस मामले में एक आरोपी राकेश कोडेक्या को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग बालक को गिरफ्तार किया गया है.

जानकारी के अनुसार 13 और 22 अगस्त को रघुनाथपुर बाजार स्थित बैंक ऑफ इंडिया के सामने से दो बाइक चोरी कर ली गई थी. इस संबंध में नीमडीह थाना कांड संख्या 47/2025 और 48/2025 दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने नीमडीह थाना कांड संख्या 47/2025 में चोरी हुई मोटरसाइकिल के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया. पूछताछ और निशानदेही के आधार पर नीमडीह थाना कांड संख्या 48/2025 की बाइक समेत जमशेदपुर के अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई अन्य चार मोटरसाइकिल भी बरामद की गईं. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी और निरुद्ध बालक अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर बाइक चोरी करते थे और उन्हें 10 से 15 हजार रुपये में बेच देते थे. ग्राहकों को वाहन के कागजात बाद में देने का झांसा देकर धोखाधड़ी भी करते थे. छापेमारी दल में नीमडीह और कपाली ओपी के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे. इसकी जानकारी शनिवार को जिले के एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी.




