सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी प्रभारी घीरंजन कुमार के नेतृत्व में रविवार को एंटी क्राइम चेकिंग और अभियान चलाया गया। यह अभियान सुबह 11 बजे से शुरू होकर देर रात तक जारी रहा, जिसमें पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का संकल्प दिखाया। अभियान के तहत कपाली क्षेत्र के कई संवेदनशील और चिन्हित इलाकों—जैसे गौरी पुल, डैम साइड, गौसनगर, चांदनी चौक, ताजनगर, टीओपी चौक, वार्ड नंबर 21, मिल्लतनगर, डैमडूबी, अंसारनगर, तमुलिया और फॉरेस्ट साइड—में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।इन स्थानों पर पुलिस ने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की तलाशी ली। अभियान के दौरान एक वाहन को ब्रह्मानंद के पास से जब्त किया गया है, जिसकी गहन जांच की जा रही है। नशे के खिलाफ भी इस अभियान के तहत विशेष कार्रवाई की गई। नशापान के अड्डों पर छापेमारी कर कई जगहों पर जमावड़े को हटाया गया और चेतावनी दी गई। थाना प्रभारी घीरंजन कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी कीमत पर क्षेत्र में कानून व्यवस्था संधारित् रहेंगे।

थाना प्रभारी ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी और हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। कपाली पुलिस की इस सक्रियता और मुहिम को क्षेत्रवासियों ने सराहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की चेकिंग और निगरानी से क्षेत्र में अपराध और नशाखोरी पर अंकुश लगेगा। लोगों ने उम्मीद जताई कि यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई न होकर निरंतरता में चलेगा, जिससे क्षेत्र को सुरक्षित और नशामुक्त बनाया जा सकेगा।थाना प्रभारी द्वारा उठाए गए इस कदम से पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ा है। यह अभियान कानून-व्यवस्था की मजबूती और सामाजिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित हो रहा है।




