रांची : पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड में जल जीवन मिशन के अंतर्गत शुरू की गई पेयजल योजना भ्रष्टाचार और लापरवाही का शिकार बन गई है। 2019 में आरंभ हुई इस योजना पर अब तक लगभग 28.24 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जबकि योजना का कुल बजट 29.35 करोड़ रुपये था। निर्धारित समय सीमा 26 नवंबर 2023 बीत जाने के बाद भी काम अधूरा है और पिछले एक वर्ष से काम पूरी तरह रुका हुआ है।

विभाग ने ठेकेदार अमरेश गुप्ता की फर्म को अनुशासनहीनता, धीमी प्रगति और आर्थिक गड़बड़ियों के चलते काली सूची में डाल दिया है। योजना के तहत लगभग 26 हजार लोगों को स्वच्छ जल की आपूर्ति का लक्ष्य था, मगर अब भी कई इलाकों में पाइपलाइन अधूरी पड़ी है। कई स्थानों पर नल लटकते हुए देखे गए हैं और घटिया निर्माण कार्य उजागर हुआ है। सड़कों को बिना योजना के तोड़ दिया गया, जिससे बरसात में कीचड़ की समस्या और बढ़ गई है। विभाग ने माना है कि ठेकेदार ने तय सीमा से अधिक भुगतान लिया है। अब शेष कार्य पूरा करने के लिए लगभग तीन करोड़ रुपये और चाहिए होंगे। सरकार दोषियों से वसूली करेगी और संबंधितों पर कार्रवाई तय है।




