दिल्ली ( प्रतीक सिंह ) : भारत में पहली बार गंगा एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी पर रात के समय भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों की सफल लैंडिंग ने देश की सैन्य तैयारियों को एक नया आयाम दिया है। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में जलालाबाद तहसील के पीरु गांव के पास बनी 3.9 किमी लंबी एयर स्ट्रिप पर यह ऐतिहासिक अभ्यास हुआ। इस दौरान राफेल, सी-130जे सुपर हरक्यूलिस, मिराज, जगुआर और सुखोई जैसे अत्याधुनिक विमानों ने “टच एंड गो” अभ्यास के साथ अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।

दोपहर और रात दोनों समय विमानों ने सफलतापूर्वक उड़ान और लैंडिंग कर यह सिद्ध कर दिया कि देश किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। मेरठ से प्रयागराज तक 594 किमी लंबा यह एक्सप्रेसवे, युद्धकालीन स्थितियों में रणनीतिक रूप से बेहद अहम भूमिका निभा सकता है, खासकर एलएसी की हवाई दूरी महज 300 किमी होने के कारण। हिंडन, लखनऊ, ग्वालियर, गोरखपुर, आगरा व बरेली एयरबेस से उड़ान भरकर आए विमानों ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। सरकार की योजना है कि ऐसे रोड रनवे देशभर में विकसित किए जाएं, जिससे हर बड़े हाईवे पर रक्षा के लिहाज से मजबूत बुनियादी ढांचा तैयार हो सके।




