रांची : झारखंड में भाजपा नेता अनिल टाइगर की हत्या के बाद आज रांची में बंद का आह्वान किया गया है. भाजपा, आजसू और जेएलकेएम के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर बंद को सफल बनाने के प्रयास में हैं. रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर बंद समर्थक सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें बस में डालकर थाने भेज दिया. इस घटना को लेकर आजसू नेता संजय मेहता और मांडू विधायक तिवारी महतो ने राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं.

उनका कहना है कि झारखंड में अपराधियों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं हो रही, और बालू व कोयला तस्करी भी जारी है. दोनों नेताओं ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बढ़ती हत्याओं के कारण आम लोग डर के साए में जी रहे हैं और राजनीतिक-सामाजिक कार्यकर्ताओं की जान भी सुरक्षित नहीं रही. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लगातार हो रही हत्याओं पर सरकार की चुप्पी स्पष्ट रूप से उसे आलोचना का शिकार बना रही है, और राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।




