जमशेदपुर : पदमपुर स्थित आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्स कंपनी के गेट के सामने गुरुवार को कांड्रा क्षेत्र के पांच गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रबंधन के वादे पूरे नहीं करने पर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध में पदमपुर, श्रीरामपुर, हरिहरपुर, पिंडराबेड़ा और बिकनीपुर गांव के लोग शामिल हुए। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी के द्वारा 15 साल पहले किए गए वादे अब तक पूरे नहीं किए गए हैं। इन वादों में स्थाई नौकरी, मुआवजा, और शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थापना शामिल थी।

झारखंड आंदोलनकारी प्रधान माझी ने बताया कि कंपनी ने जमीनदारों से इन वादों का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक इन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अगर उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं तो वे गेट जाम कर आत्मदाह करने की धमकी भी दे रहे हैं। कंपनी के एचआर प्रमुख अनिल सोनी ने कहा कि 137 ग्रामीणों को स्थाई और 400 को अस्थाई नौकरी दी गई है, और गांवों में एक रजिस्टर्ड समिति के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी शिकायत प्रबंधन तक पहुंचानी चाहिए। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि यह समिति अब सक्रिय नहीं है।




