सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले के जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में बीती रात कांड्रा, चौका, और ईचागढ़ में एक व्यापक औचक छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वाहनों को रोककर उनके परिवहन कागजातों की जांच की गई। इस दौरान कई वाहनों में कागजात नहीं मिले या उनमें अनियमितताएँ पाई गईं, आज सुबह करीब 4 बजे खनन विभाग की टीम ने अंचलाधिकारी कुकड़ू के साथ मिलकर तिरुलडीह और कुकड़ू क्षेत्र के अवैध खनन के प्रमुख हॉटस्पॉट क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान टीम ने देखा कि इन इलाकों में अवैध खनन की गतिविधियाँ लगातार जारी थीं, उन्हें तुरंत रोकने के लिए तिरुलडीह पुलिया के पास स्वर्णरेखा नदी घाट पर अवैध खनन और परिवहन के रास्तों को बंद करने के लिए दो गहरी खाइयाँ (ट्रेंच) बनाई गईं। इन खाइयों के निर्माण से अवैध खनन के रास्ते अवरुद्ध हो गए है, और इस कदम से इस क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण पाने में मदद मिली। खनन विभाग के अधिकारियों ने इस अभियान के दौरान कड़ा संदेश दिया कि अवैध खनन और परिवहन किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कदम न केवल खनन के नियमों का उल्लंघन करने वालों के लिए चेतावनी है, बल्कि यह समाज के लिए भी एक संदेश है कि प्राकृतिक संसाधनों का सही तरीके से उपयोग करना और उनकी रक्षा करना बहुत जरूरी है।




