गढ़वा : गढ़वा जिले के खरौंधी थाना क्षेत्र के कूपा गांव में मईयां सम्मान योजना में भारी फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। यहां एक ही खाते में आठ-आठ लाभुकों की राशि जा रही है, और महिलाओं के नाम पर पुरुषों को योजना का लाभ मिल रहा है। यह अनियमितता कंप्यूटर ऑपरेटर की गलती के कारण हुई। मामले का खुलासा तब हुआ जब एक महिला ने पाया कि उसके नाम से योजना का लाभ दर्ज है, लेकिन राशि किसी और के खाते में जा रही है। जांच में पता चला कि संबंधित ऑपरेटर ने महिला की जगह अपनी पत्नी का खाता योजना से जोड़ दिया। इसके अलावा, रजिस्ट्रेशन के दौरान कई महिलाओं के लाभ का पैसा अन्य लोगों के खातों में ट्रांसफर किया गया।

सूत्रों के अनुसार, सत्यनारायण गुप्ता के खाते में छह महिलाओं का, लालती देवी के खाते में आठ महिलाओं का, और अन्य पुरुषों के खातों में भी महिलाओं की राशि जा रही है। लाभुकों ने बताया कि ऑपरेटरों को योजना की राशि का हिस्सा देना पड़ता है। इस गंभीर मामले पर डीसी शेखर जमुवार ने जांच का आदेश दिया है। कांग्रेस और जेएमएम नेताओं ने इस जालसाजी की निंदा करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी को जांच की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि गड़बड़ी में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई हो सके।




