सरायकेला / (संजीव मेहता) : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रविवार को वरिष्ठ नागरिकों हाथों 40 बेड के सुसज्जित वातानुकूलित अस्पताल आरोग्यम केयर अस्पताल का उद्घाटन शेरे पंजाब चौक के दयाल ट्रेड सेंटर में हुआ. यहां आदित्यपुर के लोगों को 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेगी. उद्घाटन करने में मुख्य रूप से भगवती देवी, सोनामुखी देवी, कौशल चौधरी, शियो जी चौधरी, रामचंद्र साही, माहेश्वरी देवी शामिल थे. बता दें कि 18 वर्षों से आरोग्यम पैथ की सेवा के साथ लगे रहने के बाद ‘टीम आरोग्यम ने अब सभी नवीनतम स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस एक अस्पताल आदित्यपुर की जनता को समर्पित किया है. जिसका आज विधिवत उद्घाटन हुआ. टीम आरोग्यम ने “आपकी मुस्कान, हमारी पहचान’ के विजन के साथ इसकी शुरुआत की है. इस अस्पताल में चौबीस घंटे अनुभवी व विशेषज्ञ डॉक्टरों और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टॉफ की निगरानी में मरीजों की देखभाल की जाएगी।

नवजात शिशु की देखभाल के लिए अस्पताल में 3 बिस्तरों वाली फोटोथेरेपी निओमेटल इंसेंटिव केयर यूनिट (एनआईसीयू ) की सुविधा उपलब्ध है. इस हॉस्पिटल को अन्य नर्सिंग होम से अलग पहचान देने की योजना है. इस अस्पताल में सामान्य रोग के साथ-साथ स्त्री रोग, हड्डी रोग, बाल रोग, न्यूरोलॉजी, यूरोलॉजी, ईएनटी से जुडी स्वास्थ्य समस्याओं का निदान विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा किया जाएगा. अस्पताल में नवीनतम तकनीक से लेस दो ऑपरेशन थियेटर, छह बिस्तरों वाली आईसीयू और सुसज्जित 20 बिस्तर वाले पुरुष और महिला वार्ड शामिल हैं. चोट और दुर्घटना जैसी आपातकालीन देखभाल सुविधा उचित डॉक्टरों की एक टीम के साथ 24 × 7 आपातकाल सेवा भी उपलब्ध है।




