बिहार / पटना : बिहार में अवैध बालू खनन का मुद्दा लंबे समय से चर्चा में है। इसी सिलसिले में पटना एसटीएफ और भोजपुर पुलिस ने मिलकर बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए सोन नदी के इलाके में सक्रिय अवैध खनन गिरोह के सरगना सत्येंद्र पांडेय और उसके बेटे नीरज पांडेय को गिरफ्तार किया है। सत्येंद्र पांडेय, भोजपुर जिले के कोईलवर थाने के पचरुखिया गांव का रहने वाला है। अवैध गतिविधियों से बचने के लिए सत्येंद्र और उसका बेटा कई महीनों से सोन नदी के दियारा क्षेत्र में छिपकर रह रहे थे।सत्येंद्र पांडेय पर छपरा जिले के डोरीगंज में अवैध बालू खनन पर वर्चस्व स्थापित करने के प्रयास में दो व्यक्तियों – विकास महतो और सुदर्शन राय की हत्या करने का गंभीर आरोप है।

करीब छह महीने पहले इस हत्या की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसके बाद से ही पुलिस सत्येंद्र और उसके गिरोह की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस के अनुसार, सत्येंद्र ने अवैध बालू खनन पर अपना नियंत्रण बनाए रखने के लिए इस हत्याकांड को अंजाम दिया। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके पास मौजूद अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए भी छापेमारी शुरू कर दी है।




