सरायकेला: गम्हरिया थाना क्षेत्र में जेवियर स्कूल के पास जंगल से पुलिस ने एक अघजली हुई लाश बरामद की है, जिसकी पहचान विभांशु शशांक उर्फ जीतू के रूप में की गई है। मृतक शिवपुरी कॉलोनी, आदित्यपुर का रहने वाला था और गम्हरिया में इंडियन ऑयल के बॉटलिंग प्लांट में ठेकेदारी का काम करता था। विभांशु 12 अक्टूबर से लापता था, जिसके बाद परिजनों ने आदित्यपुर थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 14 अक्टूबर की दोपहर, पुलिस ने गुमशुदा विभांशु का शव जंगल में अघजला हुआ पाया। सूचना मिलने पर आदित्यपुर और गम्हरिया थाने की टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर लिया। घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल (नंबर JH05CG-1065), एक मोबाइल, पर्स और एक थैला भी मिला, जिस पर बिहार के गया जिले के टिकारी का पता लिखा था। जानकारी के अनुसार, मृतक कुछ समय पहले ही अपने ससुराल, टिकारी, से वापस आया था।

विभांशु की शादी चार महीने पहले हुई थी, और उसकी पत्नी इस समय गर्भवती है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है और पूरे मामले को लेकर कई आशंकाएं पैदा कर दी हैं। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि परिजनों ने दो दिन पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, और पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी ताकि किसी सुराग का पता चल सके। मामले की जांच गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं को ध्यान मे रखते हुए किया जा रहा है।




