
रांची: गुमला में गुरुवार रात एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान 4 माह के मासूम विराज पासवान की मौत हो जाने से हंगामा मच गया। लक्ष्मण नगर निवासी विशाल पासवान ने बताया कि उन्होंने अपने बच्चे को 10 दिन पहले हल्का बुखार और दस्त की परेशानी के कारण कृष्णा प्रसाद के क्लीनिक में भर्ती कराया था। इलाज के बाद बच्चा ठीक हो गया और घर ले गए। पर बुधवार को फिर से बच्चे को हल्का बुखार आया, और गुरुवार शाम 6 बजे क्लीनिक में भर्ती कराया गया।
कंपाउंडर सूरज राम ने बच्चे को जेलको लगाने के बाद इंजेक्शन दिया, जिससे बच्चा जोर-जोर से रोने लगा और उसकी मौत हो गई। सदर अस्पताल में भी डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने क्लीनिक लौटकर डॉक्टर और कंपाउंडर पर लापरवाही का आरोप लगाया और जमकर हंगामा किया।
घटना के बाद कंपाउंडर क्लीनिक छोड़कर फरार हो गया, जिससे परिजन और उग्र हो गए। उन्होंने कंपाउंडर की डिग्री और उसके व्यवहार पर सवाल उठाए। गुमला थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराने का प्रयास किया। डॉक्टर कृष्ण प्रसाद का कहना है कि बच्चे को लू लगी थी जिससे उसकी मौत हुई। घटना के बाद क्लीनिक में माहौल तनावपूर्ण बना रहा।





