रांची : झारखंड के वित्त मंत्री ने धनबाद में ऊर्जा विभाग के 15 प्रोजेक्ट को मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। बताया जा रहा है कि ऊर्जा विभाग द्वारा 17 प्रोजेक्ट लिया गया है। जिसमें 15 प्रोजेक्ट केवल धनबाद जिला कोई दे दिया गया है जिससे वित्त मंत्री ने गंभीरता से लेते हुए मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। झारखंड के योजना एवं वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने ऊर्जा विभाग की 17 परियोजनाओं को हरी झंडी देने से इनकार कर दिया है।

इन योजनाओं की अनुमानित राशि 1746 करोड़ रुपये है, जिनमें से लगभग 1707 करोड़ रुपये की योजनाएं धनबाद-चास-बोकारो क्षेत्र के लिए केवल प्रस्तावित थीं। मंत्री ने इसे राज्य में क्षेत्रीय असंतुलन की आशंका बताते हुए फाइल को रोक दिया। 20 मई को विकास आयुक्त की अध्यक्षता में राज्य योजना प्राधिकृत समिति की बैठक में इन योजनाओं पर चर्चा हुई थी। योजना विभाग ने ऊर्जा, पथ निर्माण, शिक्षा और आईटी विभाग के कुल 35 प्रस्तावों को विचारार्थ भेजा था। मंत्री ने कहा कि लोहरदगा, पलामू, सिमडेगा, पाकुड़ और चाईबासा जैसे जिलों में अब भी विद्युत आपूर्ति की स्थिति दयनीय है। इन इलाकों में ट्रांसमिशन नेटवर्क की गंभीर कमी है, जिसे प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उनका तर्क था कि धनबाद औद्योगिक रूप से समृद्ध है, और वहां पहले से कई योजनाएं क्रियान्वयन में हैं। इसलिए इतनी बड़ी राशि वहीं केंद्रित करना अन्य क्षेत्रों के साथ भेदभाव होगा। अब ऊर्जा विभाग को इस संबंध में अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी।




