जमशेदपुर : जमशेदपुर में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गुरुवार को डिमना क्षेत्र मे स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल की शाखा का सूक्ष्म निरीक्षण किया। यह पहल क्षेत्रवासियों को उन्नत, सुलभ व व्यवस्थित उपचार सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने बाल, स्त्री, मानसिक, आर्थोपेडिक, सर्जिकल, प्रसूति, आईसीयू, आपातकालीन और अन्य प्रमुख इकाइयों का बारीकी से निरीक्षण कर सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद कर अस्पताल में मौजूद व्यवस्थाओं पर फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने सुझाव दिया कि ओपीडी पर्ची हिंदी अथवा स्थानीय बोली में दी जाए ताकि अधिकतर लोग उसे सहज रूप से समझ सकें। उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया को खुद अनुभव कर कार्य की गति का मूल्यांकन किया।उपायुक्त ने 15 जून तक ऑपरेशन थिएटर को पूरी तरह कार्यशील करने का आदेश दिया और डिमना यूनिट में शल्य चिकित्सा सुविधाएं आरंभ करने की बात कही ताकि मुख्य परिसर पर निर्भरता घटे। उपकरणों की स्थिति, सफाई व्यवस्था, औषधि वितरण और कर्मचारियों की उपस्थिति की भी पड़ताल की गई। उन्होंने डिमना यूनिट को एक भरोसेमंद, जनहितकारी चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता जताई।




