Saraikela (संजीव मेहता) : स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत उन्नत भारत अभियान (UBA) द्वारा राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, जमशेदपुर (NIT Jamshedpur) की टीम ने, RCI-UBA NIT जमशेदपुर के समन्वय में डोंडा गाँव में एक प्रेरणादायी जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया. यह कार्यक्रम सेवा पर्व 2025 और स्वच्छोत्सव 2025 के अंतर्गत आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त गाँव अभियान, सरकारी योजनाओं जैसे पीएम विद्या लक्ष्मी योजना और राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण योजना (NATS) की जानकारी प्रदान करना, युवाओं को उच्च शिक्षा के अवसरों के प्रति जागरूक करना और भारतीय भाषाओं के प्रयोग को बढ़ावा देना था. गाँव के 20 से अधिक प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी की.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. निगम प्रकाश (NIT जमशेदपुर) ने कहा कि स्वच्छता केवल एक आदत नहीं बल्कि जीवन शैली है, और ऐसे अभियान ग्रामीण भारत में जागरूकता एवं विकास की गति को तेज करते हैं. डॉ. नवीन कुमार वेलदुर्थी (NIT जमशेदपुर एवं UBA NIT जमशेदपुर) ने ग्रामीणों को प्लास्टिक मुक्त गाँव बनाने और प्लास्टिक रिसाइक्लिंग के महत्व के बारे में जानकारी दी और स्वच्छता को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया. डॉ. शक्ति प्रसाद और श्री धीरज कुमार (RCI-UBA NIT जमशेदपुर) ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्रों एवं उनके अभिभावकों को मार्गदर्शन प्रदान किया. UBA NIT जमशेदपुर के डॉ. शैलेश झा ने जागरूकता सत्र का संचालन किया. UBA टीम द्वारा रैली और संवाद सत्र आयोजित किए गए, जिनमें छात्रों, महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों (SHGs) और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.



