जमशेदपुर : मजदूर के शोषण के विरोध में सोमवार को टाटा स्टील के मेन गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और मजदूरों ने लगभग दो घंटे तक मुख्य गेट को जाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण गेट के आसपास कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा।
बताया गया कि सिल्ली मारदू निवासी रोबिन महतो, जो पिछले करीब 20 वर्षों से कार्यरत थे, की कार्य के दौरान हुई दुर्घटना में मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित मजदूरों और स्थानीय लोगों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया और मृतक परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि मजदूरों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कंपनी प्रबंधन से मांग की कि मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा, मृतक के तीनों बेटों को स्थायी नौकरी और उनकी पत्नी अनिता महतो को आजीवन पेंशन दी जाए। प्रदर्शन के दौरान राम प्रसाद महतो, मीनाक्षी देवी, भानुमति देवी, सुलोचना महतो, भानुप्रिया महतो, अभिषेक वर्मा, गणेश कुम्हार और तपन महतो समेत कई लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




