धनबाद: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) का निरीक्षण किया। उनके साथ स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह और धनबाद की उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा भी मौजूद रहीं। निरीक्षण के बाद मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन और विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा की। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को उत्कृष्ट बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने धनबाद की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि यह संथाल परगना का केंद्र है और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में मरीज यहां रेफर किए जाते हैं। ऐसे में एसएनएमएमसीएच की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाना आवश्यक है।

मंत्री ने बताया कि बैठक में विशेषज्ञ डॉक्टरों से अस्पताल की मौजूदा समस्याओं और आवश्यक सुधारों पर चर्चा की गई। उन्होंने अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार करने, स्टाफ की कमी को दूर करने, और मरीजों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के निर्देश दिए। डॉ. अंसारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि राज्य के हर जिले में स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ और गुणवत्तापूर्ण हों। धनबाद में स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सरकार हरसंभव कदम उठाएगी। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, और अन्य विभागों का जायजा लिया और मरीजों से उनकी समस्याएं भी सुनी।




