जमशेदपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र में शनिवार को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भिड़ंत हुई। इसी दौरान एक आईईडी धमाका भी हुआ, जिसमें दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। घायल कर्मियों को तुरंत एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया, जहां उन्हें राज अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें एक कोबरा बटालियन के विष्णु सैनी और दूसरा झारखंड जगुआर से जुड़े सुनील धान हैं।
इस क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है, क्योंकि कई माओवादी नेता अपने समूहों के साथ सक्रिय हैं। वे जंगल में आईईडी लगाकर सुरक्षा बलों को निशाना बना रहे हैं। अब तक इन विस्फोटों में कई जानें जा चुकी हैं। सारंडा के गहन वन क्षेत्र में नक्सलियों की लगातार गतिविधियां देखी जा रही हैं। पुलिस व अर्धसैनिक बलों की कई इकाइयों द्वारा समन्वित प्रयास के जरिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान कई विस्फोटक बरामद हुए हैं और नक्सली ठिकानों को तबाह किया गया है। एसपी आशुतोष शेखर के अनुसार, माओवादी संगठन के कई बड़े सदस्य इस इलाके में विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।