जमशेदपुर:जमशेदपुर के सोनारी स्थित मरार पारा में एम.पी. युवक संघ द्वारा आयोजित श्री श्री सार्वजनिक नवरात्रि जवारा पूजा इस वर्ष भी बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। नवमी के दिन शुक्रवार को शीतला माता मंदिर, मरार पारा सोनारी से जवारा विसर्जन के लिए एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

गाजे-बाजे, नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ निकली इस शोभायात्रा में ज्योति कलश आकर्षण का केंद्र रहा। यह शोभायात्रा मरार पारा से निकलकर न्यू कपाली घाट तक पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ जवारा का विसर्जन किया गया। इस दौरान सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर पूजा-अर्चना में भाग लिया और पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया। आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के भी उचित इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




