जमशेदपुर :आईसीएसई 10वीं की राष्ट्रीय प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली जमशेदपुर के लोयोला स्कूल की छात्रा शांभवी जायसवाल से झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने उनके कदमा स्थित निवास पर जाकर भेंट की। इस अवसर पर मंत्री ने शांभवी को उनकी अद्वितीय उपलब्धि के लिए झारखंड सरकार की ओर से हार्दिक बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शांभवी की इस ऐतिहासिक सफलता पर उनके पिता डॉ. अभिषेक जायसवाल और माता डॉ. ओजस्वी शंकर को भी सम्मानित किया गया। शिक्षा मंत्री ने छात्रा को प्रोत्साहित करते हुए अपनी ओर से एक आईपैड प्रदान किया और आगे की पढ़ाई में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस मुलाकात से शांभवी और उनके परिजन अत्यंत आनंदित हुए। शिक्षा मंत्री की यह पहल राज्य में उभरती प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है। साथ ही, झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता कुणाल षाणंगी ने भी इस मुलाकात की जानकारी अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर साझा कर सबको अवगत कराया। यह घटना राज्य के शैक्षणिक माहौल को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।




