रांची: झारखंड में लगातार हो रही बारिश से आम आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 28 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के चलते कई नदियों का जल स्तर खतरे के निशान से कही ऊपर तो कहीं नीचे है , जिससे बाढ़ का खतरा लगातार मंडरा रहा है। खासकर रांची, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा और खूंटी सरायकेला खरसावां जिलों में हालात चिंताजनक हैं।

कई ग्रामीण इलाकों में मिट्टी के घर बारिश की वजह से ढह गए हैं, जिससे कई लोग घर से बेघर हो रहे हैं। सरायकेला खरसावां जिले के राजनगर के गांड़ू गांव के कच्चा मकान ढह जाने से 10 लोग दब गए हैं । सभी के इलाज अस्पतालों में चल रहे हैं। गांवों में खेत जलमग्न हो गए हैं और फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे यातायात बाधित हुआ है। प्रशासन की ओर से अलर्ट जारी कर दिया गया है और लोगों को नदी-नालों के पास न जाने की सलाह दी गई है।

राहत और बचाव कार्य भी प्रशासन द्वारा शुरू कर दिए गए हैं, लेकिन लगातार बारिश के चलते मुश्किलें बढ़ रही हैं। राज्य सरकार ने जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।



