सरायकेला(संजीव मेहता) : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर-20 में थाना रोड स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र (सरकारी अस्पताल) में अवैध कब्ज़े का मामला उजागर हुआ है. जहां सरकार ने लाखों रुपये खर्च कर अस्पताल की दीवारों पर गंभीर बीमारियों से बचाव और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता संदेश लिखवाए थे, ताकि आम जनता को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सके. लेकिन अफसोस की बात है कि इन महत्वपूर्ण संदेशों को स्थानीय दुकानदारों ने तिरपाल लगाकर ढक दिया है.

अस्पताल प्रशासन ने कई बार दुकानदारों को चेतावनी दी और अवैध कब्ज़ा हटाने का निर्देश भी दिया, लेकिन कोई असर नहीं हुआ. इससे यह सवाल उठता है कि आखिर इन दुकानदारों को किसका संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते वे खुलेआम सरकारी संपत्ति पर कब्ज़ा जमाए हुए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन और नगर निगम को तुरंत हस्तक्षेप कर अस्पताल की दीवारों से अवैध कब्ज़ा हटाना चाहिए और स्वास्थ्य संबंधी संदेशों को फिर से साफ-सुथरे रूप में जनता के सामने लाना चाहिए.




