सरायकेला (संजीव मेहता) : सरायकला खरसावां जिले में इन दिनों सड़क सुरक्षा अधिनियम के उल्लंघन मामले को लेकर जिले में विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं. जिसके आलोक में पिछले 15 दिन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 22.81 लाख का जुर्माना वसूला गया है. बता दें कि सड़क दुर्घटनाओं पर रोकथाम एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस कप्तान के निर्देश पर एक माह का विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान की शुरुआत 1 सितंबर से हुई है. जिसके तहत जिले के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए और यातायात थाना के साथ संयुक्त रूप से ब्लैक स्पॉट सहित विभिन्न स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया. पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 1 सितंबर से 15 सितंबर 2025 तक जिले भर में 2,172 वाहनों से कुल 22,81,450 का चालान काटा गया. अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की गई.

? मुख्य उल्लंघन और वसूली गई राशि इस प्रकार रही—
बिना हेलमेट वाहन चलाना : ₹6,16,000
बिना बीमा वाहन : ₹2,02,000
बिना लाइसेंस वाहन : ₹2,95,000
ट्रिपल राइडिंग : ₹24,000
बिना सीट बेल्ट वाहन चलाना : ₹4,53,000
मोबाइल से बात करते वाहन चलाना : ₹57,000
सिग्नल जंपिंग : ₹36,800
बिना तिरपाल ढके वाहन : ₹68,000
अतिरिक्त सवारी बैठाना : ₹3,200
बम्पर लगाकर वाहन चलाना : ₹70,000
बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र : ₹1,90,000
बिना परमिट वाहन : ₹1,80,000
आदेश का उल्लंघन : ₹2,01,000
काली फिल्म का प्रयोग : ₹6,000
फिटनेस के बिना वाहन : ₹12,000
डेंजर पार्किंग : ₹300
अभियान के दौरान 45 मामलों को कोर्ट भेजा गया. कुल मिलाकर 2,320 चालान काटते हुए ₹24,14,300 की वसूली हुई. एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने जिलेवासियों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें. नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी.




