रांची : झारखंड पुलिस ने उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई के प्रमुख अमृत होरो उर्फ मेचो उर्फ सूर्या को पकड़ लिया। वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की सूची में शामिल था और उस पर राज्य सरकार ने 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से हथियार और जिंदा गोलियां भी बरामद कीं। एसएसपी राकेश रंजन के अनुसार, अमृत पिछले करीब 16 वर्षों से सक्रिय था तथा कई हिंसक घटनाओं में उसकी भूमिका रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह लापुंग थाना क्षेत्र के महगांव जंगल में अपने साथियों के साथ मौजूद है और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है।

इसके बाद विशेष टीम गठित कर इलाके में घेराबंदी की गई, जहां से उसे दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि संगठन व्यापारियों और ठेकेदारों को फोन व सोशल मीडिया के माध्यम से डराकर पैसे वसूलता था। उसके खिलाफ रांची, खूंटी, लोहरदगा और गुमला सहित कई जिलों में हत्या, रंगदारी, आगजनी, अवैध हथियार और यूएपीए से जुड़े 60 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश में जुटी है।




