Saraikela (संजीव मेहता) : जिले की सड़कों पर भीषण गर्मी में ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा बैटरी संचालित विशेष कूलिंग जैकेट उपलब्ध कराई जा रही है. शुक्रवार को एसपी निधि द्विवेदी ने प्रथम चरण के तहत छह ट्रैफिक जवानों के बीच इसका वितरण किया.
एसपी ने बताया कि ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को दिनभर तेज धूप और उच्च तापमान में सड़क पर खड़े होकर यातायात संचालन करना पड़ता है. ऐसे में यह बैटरी संचालित जैकेट उन्हें गर्मी से काफी हद तक राहत प्रदान करेगी. उनकी कार्यक्षमता को भी बढ़ाएगी. उन्होंने बताया कि जैकेट में लगी बैटरी एक बार चार्ज होने पर लगभग छह घंटे तक कार्य करती है.

इससे जवानों को लंबे समय तक ठंडक का अनुभव होगा. एसपी ने कहा कि यह एक अभिनव पहल है. इसका उद्देश्य ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और सुविधा का विशेष ध्यान रखना है. उन्होंने बताया कि फिलहाल छह जैकेट उपलब्ध कराई गई है. आने वाले दिनों में इस योजना का विस्तार करते हुए जिले के सभी ट्रैफिक जवानों को ऐसी जैकेट उपलब्ध कराने की योजना है.





