
रांची : रांची में पारा शिक्षकों का महाजुटान मोरहाबादी मैदान में हुआ, जहां वे अपनी विभिन्न मांगों को लेकर इकट्ठा हुए। वे मुख्यमंत्री आवास को घेरने के लिए निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें श्यामा प्रसाद मुखर्जी यूनिवर्सिटी के पीछे ही रोक दिया। पारा शिक्षकों पर आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए और पुलिस को उन्हें रोकने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मोरहाबादी मैदान को छावनी में बदल दिया गया है, जहां 1000 से ज्यादा जवान तैनात हैं। मौके पर रांची के सिटी एसपी सहित कई उच्च अधिकारी कैंप कर रहे हैं। वाटर कैनन, वज्र वाहन और अग्निशमन की गाड़ियों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है। पारा शिक्षक वेतनमान और राज्य कर्मी का दर्जा देने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सरकार ने मार्च तक आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
इसी कारण उन्होंने आज यह कदम उठाया। याद दिला दें कि बीते दिन भी रांची में सहायक पुलिसकर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर कांके स्थित मुख्यमंत्री आवास को घेरने की कोशिश की थी। इस दौरान पुलिस के साथ हुई झड़प में कई लोग घायल हो गए थे।




