पलामू : पलामू जिले के डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन के पास एक युवक की जान उस समय चली गई, जब वह अपनी बाइक (JH 03 R 8691) से रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहा था। यह घटना शनिवार तड़के लगभग 2:55 बजे हुई। मृतक युवक की पहचान कंचन कुमार राज के रूप में हुई, जो जीएलए कॉलेज रोड का निवासी था। इस दुर्घटना के कारण डाउन लाइन पर सवारी और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन लगभग एक घंटे तक प्रभावित रहा। मालगाड़ियों को दूसरे ट्रैक से भेजा गया था।

बरकाकाना से पलामू एक्सप्रेस को भी गढ़वा रोड स्टेशन पर एक घंटे तक रोका गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, युवक की बाइक ट्रैक में फंस गई थी, और मालगाड़ी की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय रेल प्रबंधन ने घायल युवक को एमएमडीएच अस्पताल भेजा, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल में जीएलए कॉलेज रोड के कुछ स्थानीय लोग युवक की पहचान करने पहुंचे। इसके बाद पूर्वाह्न 3:55 बजे ट्रैक को फिर से चालू कर दिया गया। घटना की जांच डाल्टनगंज राजकीय रेल पुलिस द्वारा की जा रही है।




