रांची : शुक्रवार सुबह करीब 8:10 बजे भदानीनगर स्थित भुरकुंडा रेलवे साइडिंग पर दो नकाबपोश हमलावरों ने लेवी वसूली की नीयत से गोलीबारी कर दी। अपराधी दोपहिया वाहन पर आए थे। पीछे बैठे युवक ने चेहरे को काले कपड़े से ढांप रखा था। मर्चेंट रूम के पास पहुंचते ही उसने लगातार पांच राउंड फायर किए। गोलीबारी से कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया और अफरा-तफरी मच गई।

हमले में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, पर गोली भोला गोप के समीप दीवार में धंस गई जबकि अन्य गोलियां दीवार और पे लोडर को लगीं। वहां मौजूद बालेश्वर करमाली, चंदन बनर्जी, बबलू अंसारी, संजय बेदिया, सुजीत यादव और अजय यादव बाल-बाल बचे। घटना के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से 7.65 एमएम की पांच खोखी और दो गोली के टुकड़े बरामद किए हैं। इस बीच, सोशल मीडिया पर राहुल दुबे गिरोह ने हमले की जिम्मेदारी ली है और नेपाल यादव व बबलू यादव को धमकाया है। वहीं कुछ पोस्ट में अमन साहू गिरोह के राहुल सिंह का नाम भी सामने आया है। एएसपी गौरव गोस्वामी ने कहा कि हमलावर जल्द ही हिरासत में होंगे।




