न्यू दिल्ली: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो के संस्थापक संरक्षक शिबू सोरेन पिछले तीन दिनों से दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती हैं। 81 वर्षीय वरिष्ठ नेता की तबीयत को लेकर शुरू में यह कहा जा रहा था कि वह नियमित जांच के लिए अस्पताल आए हैं, लेकिन सूत्रों के अनुसार उनकी अस्पताल में भर्ती महज रूटीन चेकअप नहीं है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।

मंगलवार को झारखंड के मुख्यमंत्री और उनके पुत्र हेमंत सोरेन दिल्ली पहुंचे और अस्पताल जाकर पिता से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी भी ली। शिबू सोरेन पिछले चार दशकों से झारखंड की राजनीति में एक मजबूत स्तंभ रहे हैं और आदिवासी हितों की मुखर आवाज माने जाते हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर समर्थकों में चिंता का माहौल बना हुआ है।




