रामगढ़ : रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र के चक्रवाली गांव में एक आदिवासी महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। मेला घूमकर घर लौटी मंजू देवी (30) की गला रेतकर हत्या उसके प्रेमी ने कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजा अंसारी उर्फ अफसर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। वह बोकारो जिले के चास का रहने वाला है। रामगढ़ एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि शनिवार रात हुए इस अपराध में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े और जूते बरामद कर लिए गए हैं। घटना के वक्त मंजू देवी का पति कलिंदर मुंडा किसी काम से मगनपुर बाजार गया हुआ था। लौटने पर उसने घर में अपनी पत्नी को खून से लथपथ पाया।

कलिंदर मुंडा ने पुलिस को बताया कि घटना से दो दिन पहले उसे फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। जानकारी के अनुसार, दंपती को भूमि अधिग्रहण के बदले बड़ी रकम मिली थी, जिससे उन्होंने नया मकान बनवाया था। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग में विवाद हत्या की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस ने हत्या के पीछे की अन्य संभावनाओं की भी जांच शुरू कर दी है। इस वारदात ने गांव में दहशत फैला दी है।





