प्रयागराज : प्रयागराज महाकुंभ में अगला अमृत स्नान वसंत पंचमी के अवसर पर 3 फरवरी को होगा। मौनी अमावस्या के दौरान भारी भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने इस बार विशेष सतर्कता बरतने का निर्णय लिया है। डीआईजी नोडल अफसर महाकुंभ, डॉ. अजय पाल शर्मा के अनुसार, इस दिन ‘डी-1 प्लान’ लागू किया जाएगा। जिसमें 1 से 3 फरवरी तक पूरे जनपद में यातायात प्रतिबंध रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए बस, मिनी बस जैसे बड़े वाहन जनपदीय पार्किंग स्थलों पर रुकेंगे, जहां से वे शटल बसों द्वारा छोटे वाहन पार्किंग स्थलों तक जाएंगे। अंतिम पड़ाव से उन्हें घाट तक पैदल पहुंचकर स्नान करना होगा और उसी प्रक्रिया से वापस लौटना होगा।

*सख्त सुरक्षा और यातायात नियंत्रण:-
मौनी अमावस्या के दौरान भारी भीड़ के कारण प्रशासन को जिले के सभी प्रवेश मार्गों को सील करना पड़ा था। जिससे हजारों यात्रियों की होटल बुकिंग रद्द हो गई और उन्हें नुकसान हुआ। इसे ध्यान में रखते हुए वसंत पंचमी स्नान को लेकर प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। 3 और 4 फरवरी तक मेला क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। केवल प्रशासनिक और चिकित्सा वाहन ही प्रवेश कर सकेंगे।
*होटल और टेंट सिटी की स्थिति:-
भीड़ के कारण होटल उद्योग को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा, क्योंकि कई श्रद्धालु समय पर प्रयागराज नहीं पहुंच सके। हालांकि, टेंट सिटी में अब भी 7 फरवरी तक सभी कमरे भरे हुए हैं, जिससे यह साफ है कि कुंभ की भव्यता और श्रद्धालुओं का उत्सव बरकरार है।




