जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने अब पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला करनडीह स्थित बागबेड़ा विद्युत आपूर्ति शाखा कार्यालय का है, जहां चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि 27 तारीख को छुट्टी के दौरान चोरों ने कार्यालय को निशाना बनाया और मुख्य गेट पर लगे करीब छह तालों को तोड़ दिया। जब कर्मचारी कार्यालय पहुंचे।

मौके पर पहुंचते ही कर्मचारियों ने देखा कि गेट के सभी ताले टूटे हुए हैं। कार्यालय के अंदर प्रवेश करने पर पाया गया कि अलमारी को भी तोड़ने का प्रयास किया गया है और उसकी चाबी पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दी गई है। चोरों ने सहायक कर्मी चंदन कुमार की टेबल से यूपीएस, कीबोर्ड सहित अन्य कंप्यूटर उपकरणों की चोरी कर ली। वहीं दूसरी टेबल से भी कीबोर्ड, माउस और कंप्यूटर गायब पाए गए। बिजली विभाग के तकनीकी सहायक चंदन कुमार के अनुसार, चोरी हुए उपकरणों की कीमत करीब 55 से 60 हजार रुपये आंकी गई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।




