बिहार : सारण (मंतोष) : सारण जिले में पुलिस ने एक बार फिर संगठित अपराध पर सख्त कदम उठाते हुए “ऑपरेशन नया सवेरा” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी के निर्देश पर महिला थाना की टीम ने सहाजितपुर और बनियापुर क्षेत्रों में संचालित दो आर्केस्ट्रा ठिकानों पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान कुल 9 नाबालिग बच्चियों को जबरन नचाने के अमानवीय कृत्य से मुक्त कराया गया।इन लड़कियों में से 4 पश्चिम बंगाल, 1 उत्तर प्रदेश, 2 बिहार और 2 नेपाल से थीं। इस दौरान दो महिला संचालिकाएं और उनका एक सहयोगी पुलिस के हत्थे चढ़ा। इस प्रकरण को लेकर महिला थाना में केस संख्या 68/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच की प्रक्रिया जारी है।

एसएसपी सारण ने जानकारी दी कि मई 2024 से अब तक जिले भर में इस विशेष अभियान के माध्यम से कुल 203 लड़कियों को देह व्यापार जैसे अपराध से बचाया गया है। इस दौरान पुलिस ने 25 मामले दर्ज किए और 72 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में सहाजितपुर के रहने वाले रौशन कुमार कर्ण (पिता- दिनेश लाल कर्ण) और दो महिला आयोजक प्रमुख रूप से शामिल हैं। छापेमारी दल में महिला थाना की प्रभारी, बनियापुर थाना पुलिस, मिशन मुक्ति फाउंडेशन, रेस्क्यू फाउंडेशन (नई दिल्ली), नारायणी सेवा संस्थान सारण और रिस्क एंड रिलीफ फाउंडेशन (पश्चिम बंगाल) की सक्रिय भागीदारी रही। इस कार्रवाई के संबंध में सारण पुलिस अधीक्षक ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर विस्तृत जानकारी साझा की है।




