Saraikela (संजीव मेहता):मित्रता दिवस पर समाजसेवी स्वर्गीय प्रवीण कुमार सिंह की याद में इस वर्ष भी लगातार 5वीं बार भगवती इन्क्लेव परिसर मेगा रक्तदान शिविर आयोजित हुआ. जिसका झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और ओड़िसा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने उद्घाटन किया. इस मौके पर टाटा मोटर्स यूनियन अध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद, समाजसेवी ए के श्रीवास्तव, वरिष्ठ नागरिक संघ के अध्यक्ष रविंद्र नाथ चौबे, डॉ एफबी सिंह, समाजसेवी छवि महतो, चंदन सिंह, मनोज सिंह आदि मौजूद रहे. कार्यक्रम के संचालन में स्वर्गीय प्रवीण कुमार सिंह के पुत्र अंकुर सिंह, बसंत कुमार, सुनील गुप्ता, शंकर सिंह आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रघुवर दास ने कहा कि मुझे इस कार्यक्रम में आकर गौरव महसूस हो रहा है. स्वर्गीय प्रवीण कुमार सिंह सदैव दलित, पीड़ित और शोषितों के लिए काम करते रहे थे. प्राचीन काल से ही सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा भाव से ऐसे आयोजन होते रहे हैं. आज का कार्यक्रम महायज्ञ के समान है. संस्थान हर वर्ष डॉक्टर और नर्सेस को सम्मानित करते हैं यह भी बड़ी बात है. क्योंकि चिकित्सकीय सेवा निःस्वार्थ भाव से होता है. जब दिवंगत के पदचिन्हों पर चलेंगे वहीं सच्ची श्रद्धांजलि होगी. भारत युवा शक्ति वाली देश है हमें समाज को नशामुक्त बनाने का कृत संकल्प लेना चाहिए.
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने कहा कि कोरोना काल में हमने अपना भाई खोया है. जिनकी याद में हर वर्ष रक्तदान शिविर आयोजित करते हैं और इस मौके पर डॉक्टर, नर्सेस और समाजसेवियों को सम्मानित भी करते हैं. उन्होंने कहा कि इस मौके पर शाम 5 बजे तक 2000 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है. पूरे कार्यक्रम का संचालन उद्घोषक उदय चंद्र वंशी ने किया.




