रांची : झारखंड के लातेहार ज़िले में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित संगठन ‘तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति समिति’ (टीएसपीसी) के नाम पर जबरन वसूली करने वाले पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया था कि कुछ संदिग्ध लोग 28 अप्रैल को आरा गांव के जंगल क्षेत्र में कोई गंभीर वारदात करने की योजना बना रहे हैं।

पुलिस उपाधीक्षक विनोद रवानी ने जानकारी दी कि तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने इलाके में दबिश दी, जिसमें पांच आरोपितों को धर-दबोचा गया। हालांकि, अंधेरे का लाभ उठाकर दो व्यक्ति मौके से फरार होने में सफल रहे। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी हथियार, कारतूस, संगठन से संबंधित प्रचार सामग्री और सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जांच में पता चला है कि ये लोग ठेकेदारों और एनटीपीसी से धन की मांग कर रहे थे, जिससे क्षेत्र में डर का माहौल पैदा हो रहा था। पुलिस इनसे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।




