रोहतास : दिनारा थाना क्षेत्र के जिगना गांव में बारात में नाच के दौरान विवाद व मारपीट की घटना में एक युवक की मौत हो गई। घटना बुधवार की रात बताई जाती है। मृतक जिगना टोला निवासी संजय चौधरी का लगभग 15 वर्षीय पुत्र अभिमन्यु कुमार बताया जाता है। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार जिगना टोला पर संजय चौधरी की बड़ी बेटी की शादी थीं।जिसको लेकर भोजपुर जिला के अगिआंव थाना क्षेत्र के डिहरी टोला से बरात आई थी।

जिसमें बारातियों के मनोरंजन हेतु नाचगान का कार्यक्रम चल रहा था ।इसी क्रम में जिगना टोला के समीप पिपरी टोला से आए कुछ असामाजिक तत्वों ने नाच कर रही नर्तकियों के साथ अश्लीलता व अभद्रतापूर्ण व्यवहार करना शुरू कर दिया ।जिसका बारात पक्ष के द्वारा विरोध जताया गया। बारात पक्ष द्वारा इस बात की सूचना बेटी पक्ष को दी गई।सूचना पर बेटी पक्ष के कुछ लोगों के साथ उक्त युवक (शादी हो रही लड़की छोटा भाई ) बरात में गया। वहां जाकर असामाजिक तत्वों नर्तकियों के साथ अभद्रता को लेकर एतराज जताया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट की घटना हुई। जिसमें डंडे के चोट से सिर में लगने उक्त युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।घटना के बाद चारों तरफ अफरा तफरी मच गई।नाच गान व शादी का कार्यक्रम अस्त व्यस्त हो गया ।परिजनों द्वारा जख्मी युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां पहुंचते ही उक्त युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक के चाचा अरुण कुमार चौधरी ने आरोपितों पर शराब के नशे में धुत्त होने एवं लाठी डंडे से मारकर मृतक की हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचनाओं मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लिया। थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम जांच हेतु सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया है।




