Saraikela (संजीव मेहता) : जुगसलाई थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि एक युवक ने पहले किशोरी को प्रेम जाल में फंसाया, फिर उसे बहला-फुसलाकर ओडिशा के पुरी ले गया, जहां होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया. इतना ही नहीं, आरोपी ने चोरी-छिपे किशोरी का अश्लील वीडियो भी बना लिया और बाद में उसी वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करने लगा.
पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी रजाउल उर्फ राजू और उसके परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.

पुरी ले जाकर होटल में किया दुष्कर्म-
शिकायत के अनुसार आरोपी 26 मार्च 2026 को किशोरी को अपने साथ Puri ले गया था. वहां एक होटल में ठहरने के दौरान उसने नाबालिग के साथ दु*ष्कर्म किया. आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने गुप्त रूप से उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया. दोनों 28 मार्च तक पुरी में रहे और उसके बाद वापस जमशेदपुर लौट आए.
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर की वसूली-
जमशेदपुर लौटने के बाद आरोपी ने किशोरी को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. लोकलाज और बदनामी के डर से पीड़िता आरोपी की मांगें पूरी करती रही. आरोप है कि आरोपी ने किशोरी से करीब 55 हजार रुपये नकद और सोने के गहने वसूल लिए. इसके बावजूद आरोपी लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा और धमकियां देता रहा. आखिरकार परेशान होकर किशोरी ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई।
आरोपी के परिजनों पर भी मामला दबाने का आरोप
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने आरोपी के घरवालों से शिकायत की तो उन्होंने मदद करने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास किया. इसके बाद परिवार ने जुगसलाई थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. जुगसलाई थाना प्रभारी Gulam Rabbani ने बताया कि आरोपी गौरी शंकर रोड क्षेत्र का रहने वाला है और फिलहाल किराए के मकान में रह रहा था. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.




