जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत प्रोफेशनल फ्लैट ए ब्लॉक में रहने वाले टाटा स्टील के अकाउंट सेक्शन में कार्यरत प्रशांत दीड़ा की पत्नी से धोखाधड़ी कर 15 लाख रुपये मूल्य के आभूषण हड़प लिए गए। 6 जून की शाम एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचा और खुद को प्रशांत का परिचित बताते हुए बोला कि टाटा स्टील की विजिलेंस टीम ने प्रशांत को अपने कब्जे में ले लिया है।

उसने महिला को डराते हुए कहा कि घर में मौजूद कीमती चीजें और ज़रूरी दस्तावेज उसे सौंप दे, ताकि वे सुरक्षित रखे जा सकें।डर और भ्रम की स्थिति में प्रशांत की पत्नी ने गहने और कागजात उस व्यक्ति को सौंप दिए। इसके बाद वह व्यक्ति चुपचाप वहां से निकल गया। घटना के बाद महिला को एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो गई है। इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। कदमा थाना में अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी की तस्वीर दर्ज हो गई है। उसी के आधार पर छानबीन की जा रही है। थाना प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने कहा कि मामले में त्वरित कार्रवाई जारी है।




