जमशेदपुर : एल.बी.एस.एम. कॉलेज, जमशेदपुर में शिक्षक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आज डॉ. मौसमी पॉल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में महाविद्यालय के शैक्षणिक, सामाजिक एवं पर्यावरणीय सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शिक्षक संघ की बैठक प्रत्येक माह नियमित रूप से आयोजित की जाएगी, ताकि शिक्षकों के बीच संवाद, सहयोग एवं संस्थान के विकास से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श होता रहे।
पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा बचत के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए यह भी निर्णय लिया गया कि सप्ताह में एक दिन सभी शिक्षक पैदल, साइकिल अथवा कारपूल के माध्यम से महाविद्यालय पहुँचेंगे। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा की बचत को बढ़ावा देना है।
इसके अतिरिक्त भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के सम्मान में यह निर्णय लिया गया कि सप्ताह में एक दिन सभी शिक्षक भारतीय पारंपरिक परिधान में महाविद्यालय आएंगे।

बैठक में शिक्षकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए वेलफेयर सोसाइटी (कल्याण समिति) के गठन का भी निर्णय लिया गया। यह समिति शिक्षकों के सामाजिक एवं मानवीय सहयोग से संबंधित गतिविधियों को आगे बढ़ाने का कार्य करेगी। बैठक में डॉ. विजय प्रकाश, डॉ. विनय कुमार गुप्ता, डॉ. दीपांजय श्रीवास्तव, प्रो. अरविंद प्रसाद पंडित, प्रो. संतोष राम तथा डॉ. सुष्मिता धारा सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। अंत में प्रो. बिनोद कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी शिक्षकों के सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।





