ईचागढ़ : ईचागढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को खनन विभाग और थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अवैध बालू के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान जारगोडीह क्षेत्र में बालू माफियाओं द्वारा अवैध रूप से भंडारित 1 लाख 16 हजार सीएफटी बालू जब्त किया गया। खनन निरीक्षक समीर ओझा ने बताया कि जब्त बालू को लेकर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध खनन और भंडारण को रोकने के लिए विभाग पूरी सतर्कता से काम कर रहा है। चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में लगातार खनन विभाग और पुलिस की कार्रवाई के बावजूद बालू माफिया सक्रिय हैं और अवैध कारोबार जारी है। समय-समय पर छापेमारी और दबिश के बावजूद माफियाओं पर

पूर्णतः अंकुश लगाना चुनौती बना हुआ है। खनन विभाग ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने का संकल्प लिया है। इन अभियानों का उद्देश्य न केवल पर्यावरण संरक्षण है, बल्कि राजस्व की हानि को भी रोकना है। यह छापेमारी अभियान क्षेत्र में अवैध खनन पर लगाम लगाने की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है। हालांकि, इस समस्या के पूर्ण समाधान के लिए निरंतर प्रयास और सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है।




