सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा क्षेत्र में स्थित अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड के खिलाफ गंभीर प्रदूषण फैलाने के आरोप लगाए गए हैं। जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने इस विषय को चिंताजनक बताते हुए राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT), रांची में औपचारिक शिकायत दर्ज की है।
शिकायत में कहा गया है कि कंपनी पर्याप्त नियंत्रण उपाय अपनाए बिना बड़े पैमाने पर धुआं,सूक्ष्म कण और हानिकारक गैसें छोड़ रही है, जिससे आसपास के निवासियों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों को सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और बच्चों व बुजुर्गों की तबीयत खराब होने जैसी समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं। इसके अलावा, प्रदूषण का असर वनस्पति पर भी देखा जा रहा है, जिससे क्षेत्र की हरियाली और पर्यावरण संतुलन पर खतरा मंडरा रहा है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कंपनी की गतिविधियां पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 और वायु प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम 1981 के नियमों के विपरीत हैं। कई बार प्रशासन को सूचना देने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इस परिस्थिति को देखते हुए NGT से निष्पक्ष जांच, सख्त कदम और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।




