सरायकेला / (संजीव मेहता) : जिले के पत्रकारों को सामाजिक कल्याण योजना से जोड़कर लाभ पहुंचाने की जिला प्रशासन योजना बना रही है। उक्त बातें जिले के डीसी रविशंकर शुक्ला ने कही। वे सरायकेला खरसावां जिला जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित शनिवार को जनसंपर्क कार्यालय में प्रेस सम्मेलन में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। जिसमें जिले के डीसी रवि शंकर शुक्ला के साथ एसपी मुकेश लुनायत समेत जिले के तमाम पदाधिकारी और पत्रकार मौजूद थे। सम्मेलन में डीसी रविशंकर शुक्ला ने कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में त्रुटि संबंधित खबरें मीडिया में प्रमुखता से आने के बाद जिला प्रशासन को भी इसकी जानकारी होती है। लिहाजा मीडिया फीडबैक सरकारी योजनाओं के लिए काफी महत्वपूर्ण हो जाता है।

पत्रकारों से परिचय प्राप्त करने के उपरांत मीडिया सम्मेलन में डीसी ने पत्रकारों के समस्याओं को जानते हुए उनके निदान की बात कही। डीसी ने कहा कि जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड और आंचलिक पत्रकारों को किस प्रकार सहायता मिले इस पर जिला प्रशासन योजना बना रही है। कार्यक्रम में मौजूद जिले के एसपी मुकेश लुनायत ने कहा कि कई बार मीडिया में ऐसी खबरें प्रकाशित होती है जिसकी भनक तक हमें नहीं होती। मीडिया हमारे लिए आंख- कान का भी काम करते हैं। मीडिया समाज में आलोचक की भूमिका निभाते हैं। जो कि स्वच्छ प्रशासन के लिए जरूरी है।




