धनबाद : अवैध कोयला उत्खनन और उसकी ढुलाई से जुड़े मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह व्यापक कार्रवाई शुरू की। एजेंसी की करीब 25 टीमें जिले के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ पहुंचीं और संदिग्ध कारोबार से जुड़े कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। जानकारी के अनुसार, यह अभियान कथित रूप से एलबी सिंह, अनिल गोयल, गणेश यादव, पप्पू मंडल, अनूप चौहान, हरेंद्र चौहान, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहित यादव तथा उनके सहयोगियों से जुड़े कुल 25 परिसरों पर केंद्रित है।
जांच का दायरा अवैध कोयला निकालने, उसकी आवाजाही और भंडारण से संबंधित गतिविधियों तक फैला हुआ है। ईडी ने इस पूरे प्रकरण में चार अलग-अलग ईसीआईआर दर्ज कर वित्तीय लेनदेन और संपत्तियों की पड़ताल शुरू की थी। एजेंसी को आशंका है कि गैरकानूनी कारोबार के माध्यम से बड़ी मात्रा में चल और अचल संपत्ति जुटाई गई है। तलाशी के दौरान दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री की बारीकी से जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि नवंबर 2025 में भी इसी मामले में धनबाद और दुमका के लगभग 20 ठिकानों पर कार्रवाई हुई थी। उस समय बड़ी संख्या में भूमि संबंधी कागजात, ₹2.20 करोड़ नकद और कई अहम प्रमाण मिले थे। फिलहाल तलाशी जारी है और जांच पूरी होने के बाद मामले में नए तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।






