जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर इन दिनों भीषण ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। सुबह पूरा शहर कोहरे की मोटी चादर में लिपटा नजर आया। सड़कों, पार्कों और रिहायशी इलाकों में दृश्यता बेहद कम रही, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। ठंड का असर ऐसा रहा कि मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोग भी देर से घरों से बाहर निकले।
सुबह के समय लोग सिर से लेकर पांव तक गर्म कपड़ों में लिपटे हुए मॉर्निंग वॉक करते दिखाई दिए। लगातार बढ़ती ठंड ने पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। हालांकि एक ओर लोग ठंड से परेशान नजर आ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर की प्राकृतिक खूबसूरती लोगों को आकर्षित कर रही है। घने कोहरे के बीच जमशेदपुर का नज़ारा किसी हिल स्टेशन से कम नहीं लग रहा। कई लोग इसे “मिनी कश्मीर” और “दार्जिलिंग जैसा अनुभव” बता रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जमशेदपुर में रहकर ही उन्हें कश्मीर और दार्जिलिंग जैसी ठंड और खूबसूरती का आनंद मिल रहा है। सुबह-सुबह कोहरे में लिपटी सड़कें, पेड़-पौधे और इमारतें मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर रही हैं, जिसे देखने के लिए लोग मोबाइल कैमरों में तस्वीरें और वीडियो भी कैद कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल ठंड और कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक रूप से सुबह-शाम बाहर न निकलने की अपील की है।




