जमशेदपुर: शहर के एसपी कार्यालय में मंगलवार देर रात पुलिस महकमे की अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीजी मनोज कौशिक ने की, जबकि डीआईजी सहित जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां के नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहे। दोनों जिलों के सभी थाना प्रभारियों को कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान एडीजी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में संचालित बार, पब और इसी तरह के प्रतिष्ठानों का 24 घंटे के भीतर निरीक्षण कर विस्तृत प्रतिवेदन संबंधित एसडीओ को उपलब्ध कराने का आदेश दिया। जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में एडीजी मनोज कौशिक ने बताया कि हिमांशु सिंह हत्याकांड के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।

साथ ही आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की भी गहन पड़ताल की जाएगी, ताकि आय के स्रोत और अन्य संभावित पहलुओं का पता लगाया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम तत्काल सक्रिय होकर पूरे मामले की निगरानी करेगा, शिकायत दर्ज कराएगा और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।






