जमशेदपुर : जमशेदपुर के सुदूरवर्ती बहरागोड़ा प्रखंड के पानीपाड़ा नागुडसाई में स्वर्णरेखा नदी के किनारे करीब एक हफ्ता पूर्व मिले दो- दो जिंदा मिसाइल बमो को बुधवार को सेना और राज्य BDS के संयुक्त प्रयास से सफलता पूर्वक निष्क्रिय कर दिया गया. इससे पूर्व सेना ने पूरे इलाके को कब्जे में ले लिया और आसपास के सटे गावो में अलर्ट जारी कर दिया. आपको बता दें कि यह इलाका पश्चिम बंगाल से भी सटा है इसलिए बंगाल पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया था.
1 घंटे के अंतराल पर दोनों शक्तिशाली जिंदा मिसाइल बमों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया उसके बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भारतीय सेना और भारत माता की जय के नारे लगाए. इस पूरे अभियान का नेतृत्व कर रहे घाटशिला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार कुजूर ने बताया की बेहद ही सावधानी पूर्वक इस पूरे ऑपरेशन को संपन्न किया गया. उन्होंने कहा कि चुनौतियां बेहद ही जटिल थी क्योंकि दोनों बम जिंदा थे और किसी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता था, मगर भारतीय सेना और राज्य बम स्क्वॉड की टीम ने सावधानी पूर्वक दोनों शक्तिशाली जिंदा मिसाइल बमों को निष्क्रिय कर दिया.

उन्होंने आशंका जताई कि दोनों बम द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान लाने ले जाने के क्रम में उक्त स्थान पर गिर गया होगा इसकी जांच कराई जाएगी. उन्होंने बताया कि दोनों बम पर मेड इन यूएसए लिखा हुआ था इसलिए इसमें कोई शक और सुबहा नहीं है कि दोनों शक्तिशाली बम अमेरिका में निर्मित हुए थे. फिलहाल दोनों बमों को निष्क्रिय कर दिया गया है. साथ ही उन्होंने इससे इनकार नहीं किया है कि उक्त क्षेत्र में और भी बम हो सकते हैं. फिलहाल ऐसी कोई सूचना नहीं है. उधर दोनों बमों के सुरक्षित निष्क्रिय होने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल साफ देखा गया. इससे पूर्व पिछले करीब एक हफ्ते से ग्रामीण दहशत के साए में जी रहे थे. बम के निष्क्रिय होते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है.




