पलामू : उपायुक्त शशि रंजन ने बुधवार को समाहरणालय के सभागार में जल जीवन मिशन कार्यक्रम के तहत जिले में चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से निमियां में चल रही मल्टी विलेज स्कीम (एमवीएस) और अन्य स्थानों पर इस योजना की प्रगति पर ध्यान केंद्रित किया। समीक्षा के दौरान, कार्यों में देरी और लापरवाही पाए जाने पर उपायुक्त ने संबंधित संवेदक को शोकॉज नोटिस जारी किया। कनीय और सहायक अभियंता द्वारा कार्यों के उचित निर्वहन में लापरवाही को देखते हुए उन्हें भी शोकॉज करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने चेतावनी दी कि यदि कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया तो संबंधित अभियंताओं के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी। छत्तरपुर में संचालित एमवीएस स्कीम की समीक्षा में संवेदक के अनुबंधित शर्तों का पालन न करने और मजदूरों को भुगतान न करने की बात सामने आई, जिससे कार्य लंबित पड़ा है। उपायुक्त ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए संवेदक को शोकॉज करने और आवश्यक प्रगति न होने पर अनुबंध रद्द करने की संभावना जताई।

हरिहरगंज, तोलरा, और मझिआंव में चल रही स्कीमों की समीक्षा में भी उपायुक्त ने कई निर्देश दिए और संबंधित सहायक व कनीय अभियंताओं के वेतन पर रोक लगाने की बात कही।इस बैठक में उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, पेयजल विभाग के कार्यपालक अभियंता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. असीम कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने सभी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।




